राधावल्लभ मंदिर वृंदावन धाम का प्राचीनतम मंदिर है। यह यमुना जी के युगल घाट पर स्थित है। यह लाल पत्थर का बना है।
संरचना :यह मंदिर नहीं प्रियालाल जी का निज महल है
वृंदावन के राजा दोउ श्याम राधिका रानी
इसलिए इस मंदिर की रचना राजा रानी के निज महल की तरह हुई है। यहाँ गर्भ गृह शिखर ,शंख नाद, घंटा ऐसा कुछ नहीं है। मंदिर के ऊपर एक ध्वजा विराजमान है जैसे की किसी भी राजा के महल के ऊपर होती है।प्रिया लाल जी का निज महल मुख्यतः 6 भाग में है।
यह प्रियालाल का शयन कक्ष है जहाँ युगल विश्राम करते है और निज केलि का आनंद लेते है।
श्रृंगार गृह :
शैय्या कुंज के साथ ही श्रृंगार कुंज है जहाँ निज सहचरियाँ ऋतु अनुकूल भाव और लाड़ से प्रिया लाल का स्नान श्रृंगार करती है
भोजन गृह :
इस कुंज में निज सहचरी बहुत लाड़ से प्रिया लाल जी को भोग पवाती है।
निज मंदिर :
इस कुंज में प्रिया लाल जी अपनी निज सखियों से मिलने के लिए विराजते है क्यूँकि उनकी निज कुंजो में सिर्फ़ उनकी निज सहचरी ( सेवायत गोस्वामी जन) ही प्रवेश कर सकती है तो प्रियालाल सब सखियों को मिलने के लिए वह इस कुंज में विराजमान होते है।
जगमोहन :
निज मंदिर के बाहर का वह कुंज जहाँ श्रीराधावल्लभ लाल जी हर उत्सव पर बाहर विराजमान होकर अपनी सखियों के संग सब उत्सव मनाते है और आनंद लेते है।
शयन चोंतराजगमोहन के आगे का भाग जहां वही सखी प्रवेश पा सकती है जिनको श्रीराधावल्लभ लाल जी की निज सखियाँ गोसाईं परिकर बुला कर स्थान दे।
उत्सव :
यहाँ की सेवा बहुत लाड़ से की जाती है। हर ऋतु के अनुकूल श्रृंगार भोग आदि प्रिया लाल जी को आरोगाए जाते है। हर उत्सव बहुत लाड़ से मनाया जाता है। यहाँ के विशेष उत्सव है बसंत, होली, गुलाब डोल, फूल बंगला, हरियाली तीज, झूलन, राधाअष्टमी, सांझी , शरद पूर्णिमा, पटोत्सव, खिचड़ी उत्सव , हितोत्सव हैं।
समाज :
राधावल्लभलाल जी के मंदिर में प्रति दिन सुबह शाम समाज गायन की परम्परा 500 सालों से चल रही है। जिसमें इस सम्प्रदाय की विभिन्न वाणी जी से सुंदर सुंदर पद समय के अनुसार जैसे मंगला के पद उत्थापन के पद शयन के पद गाकर प्रिया लाल जी को रिझाया जाता है। समय एवं ऋतु के अनुसार राग रागिनी में गायन होता है।
भोग एवं आरती :
यहाँ 7 भोग और 5 आरती की सेवा होती है। बहुत लाड़ और भाव से ऋतु को ध्यान में रखते हुए अमानिया भोग सिद्ध किए जाते है। अमानिया अर्थात जिसे मन ने भी न छुआ हो। यहाँ आज भी पारम्परिक विधि से चूल्हे पर अपरस में ऋतु के अनुकूल भोग श्रीजी के लिए बनाए जाते है। बाहर का कुछ भी भोग नहीं लगता।
हर भोग से पहले एक टकोरा बजता है जिस से प्रिया लाल जी को संकेत दिया जाता है की भोग का समय हो गया। यह एक तरह की सांकेतिक घड़ी है। मंदिर की तरह यहाँ घंटा आदि नहीं है।
हर भोग के बाद आरती से उनकी नज़र उतारी जाती है। और जल वारा जाता है।
इस तरह बहुत लाड़ और भाव से प्रिया लाल जी अपने इस निज महल में विराजते है अपने जनों को आनंद देते हैं और पारम्परिक विधि से उनकी सेवा की जाती है।

